मसीह में मेरे प्रियों, जय मसीह की
आशा है कि आप सभी प्रभु की दया से ठीक होंगे। इस छोटे से लेख के माध्यम से आज मैं आपको बताना चाहता हूँ कि किस प्रकार AI (Artificial intelligence) का इस्तेमाल खासतौर पर मसीहियों के लिए खतरनाक है। आए दिन आपने देखा होगा कि नए-नए गीत AI (Artificial intelligence) के माध्यम से लिखवाए जा रहे हैं और उन्हीं के द्वारा उनको Voice भी दी जा रही है। हो सकता है कि AI (Artificial intelligence) हमारे लिए कई क्षेत्रों में लाभदायक हो पर मैं इस बात को दावे के साथ कह सकता हूँ कि ये हमारी आत्मिकता और रचनात्मकता के लिए खतरनाक है।
बड़े दुःख की बात है कि आज कुछ मसीही लोग इसे प्रचार तैयार करने के लिए भी इस्तेमाल कर रहे हैं। क्या आपको लगता है कि AI (Artificial intelligence) हमें सही जानकारी दे सकता है? क्या उसमें कुछ भी नैतिकता होगी? या क्या वह उस सम्बन्ध का अनुभव कर सकता है जिसे एक मसीही व्यक्ति परमेश्वर के साथ अनुभव कर सकता है?
जितने भी मसीही भाई बहनों ने आत्मिक गीत लिखे हैं मैं विश्वास करता हूँ कि वे उस जीवित परमेश्वर के साथ सम्बन्ध को अनुभव करके लिखे गए हैं। आप भजन संहिता भी देख सकते हैं या बाइबल के अन्य हिस्से भी जहाँ परमेश्वर के लोगों ने प्रभु के प्रेम को अनुभव करके उसके लिए स्तुति के गीत लिखे या उसकी महिमा की। AI (Artificial intelligence) हमें नकली अनुभव देता है जैसा कि उसका नाम है (Artificial intelligence = नकली बुद्धिमत्ता) जबकि परमेश्वर असली बुद्धि का स्त्रोत है तो एक मसीही होने के नाते हमें उसके पास ही जाना चाहिए जो हमें बुद्धि की घटी होने पर उदारता से देता है।
मेरा उन लोगों से विनम्र निवेदन है जो इसका इस्तेमाल गीतों या प्रचार तैयार करने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, कृपया करके इसका इस्तेमाल करना बंद कर दें। और परमेश्वर के साथ अपने रिश्ते के साथ खिलवाड़ न होने दें। और मेरा उन मसीहियों से भी निवेदन है कि AI (Artificial intelligence) के द्वारा बनाए गीतों को सुनना छोड़ दें।
शायद आपने सोचा नहीं होगा कि AI (Artificial intelligence) खुद इसके बारे में क्या कहता है निम्नलिखित बिंदु खुद AI (Artificial intelligence) अपने बारे में कहता है जिसकी चिंता मुझे काफी समय से है।
आज एक मसीही गीतकार और प्रचारक के लिए AI (Artificial intelligence) के उपयोग से कई नुकसान हैं, विशेष रूप से उनके आध्यात्मिक और रचनात्मक कार्य के संदर्भ में। नीचे कुछ प्रमुख बिंदु दिए गए हैं:
आध्यात्मिक प्रेरणा की कमी
मसीही गीत और प्रचार मुख्य रूप से परमेश्वर की प्रेरणा, पवित्र आत्मा के मार्गदर्शन और व्यक्तिगत विश्वास पर आधारित होते हैं। AI (Artificial intelligence), जो डेटा और एल्गोरिदम पर निर्भर करता है, इस आध्यात्मिक गहराई और व्यक्तिगत अनुभव को पकड़ नहीं सकता है। AI (Artificial intelligence) द्वारा लिखे गए गीत या संदेश में वह हृदयस्पर्शी और आत्मिक प्रभाव नहीं हो सकता है जो ईश्वरीय प्रेरणा से आता है।
प्रामाणिकता का अभाव
मसीही गीत और प्रचार में प्रामाणिकता और व्यक्तिगत गवाही महत्वपूर्ण होती है। AI (Artificial intelligence) द्वारा उत्पन्न सामग्री सामान्य या यांत्रिक लगती है, जिससे श्रोताओं या समुदाय के साथ गहरा संबंध स्थापित करना मुश्किल हो सकता है।
निर्भरता का खतरा
AI (Artificial intelligence) टूल्स पर निर्भरता से गीतकार या प्रचारक की अपनी रचनात्मकता और परमेश्वर पर निर्भरता कम हो जाती है। यह उनके व्यक्तिगत आध्यात्मिक विकास और प्रचार कार्य की मौलिकता को प्रभावित करता है।
सत्यता और त्रुटि का खतरा
AI (Artificial intelligence) द्वारा उत्पन्न सामग्री में त्रुटियाँ या गलत व्याख्याएँ हो सकती हैं, विशेष रूप से बाइबिल के सिद्धांतों या मसीही शिक्षाओं के संदर्भ में। यह प्रचारक के संदेश की सत्यता को प्रभावित कर सकता है और श्रोताओं में भ्रम पैदा कर सकता है।
सुझाव
AI (Artificial intelligence) का उपयोग सहायक उपकरण के रूप में किया जा सकता है, जैसे बाइबल के संदर्भ ढूँढना, या भाषा को परिष्कृत करना। हालांकि, इसे पूरी तरह से मानवीय प्रेरणा, प्रार्थना, और पवित्र आत्मा के मार्गदर्शन का स्थान नहीं लेना चाहिए। गीतकार और प्रचारक को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका कार्य परमेश्वर-केंद्रित और प्रामाणिक बना रहे।
ऊपर लिखे गए बिंदु और सुझाव खुद AI (Artificial intelligence) अपने बारे में दे रहा है। इसलिए अपनी समझ का सहारा न लें। कृपया खुद परमेश्वर के साथ व्यक्तिगत समय बिताएं जो आपको फलदाई बनाएगा।




0 Comments